करीब अंसारी प्रकरण पर जिला परिषद सदस्य संघ ने खोला मोर्चा, प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल

सत्यनारायण यादव बोले- जनप्रतिनिधि के परिवार की सुरक्षा चिंता का विषय, निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो सड़क पर उतरेगा संघ
विकास कुमार
गढ़वा। मेराल दक्षिणी जिला परिषद सदस्य रौशन प्रवीण के पिता करीब अंसारी द्वारा हत्या की साजिश की आशंका और फोन निगरानी को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है। अब जिला परिषद सदस्य संघ ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए करीब अंसारी और उनके परिवार के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। संघ ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। जिला परिषद सदस्य संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने कहा कि यह केवल करीब अंसारी का मामला नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली से भी जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि यदि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के परिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता करनी पड़े, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है। मामले में मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। संघ ने कहा कि फोन निगरानी सहित करीब अंसारी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि परिवार की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं डंडई के जिला परिषद सदस्य मोहन यादव ने चेतावनी दी कि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो संघ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। कांडी के जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने भी परिवार के प्रति समर्थन जताया।फिलहाल मामले में प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।




