Uncategorized

बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह बना यादगार, 85 मेधावी विद्यार्थियों को मिली उपाधि

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित, विशेष पुस्तक का किया विमोचन; श्री बंशीधर मंदिर में की पूजा-अर्चना

विकास कुमार 

गढ़वा। फरठिया स्थित बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह-2026 गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के लिए यह समारोह ऐतिहासिक रहा, जहां पहली बार बड़ी संख्या में मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पारंपरिक दीक्षांत परिधान में सजे छात्र-छात्राओं के चेहरे पर वर्षों की मेहनत और सफलता की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित विशेष पुस्तक का औपचारिक विमोचन किया। इसके बाद विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 85 मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर कुलाधिपति दिनेश सिंह ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल बना रहा। राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

 

श्री बंशीधर मंदिर में की पूजा-अर्चना

दीक्षांत समारोह के आधिकारिक कार्यक्रम के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार श्री बंशीधर नगर स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से भगवान श्री बंशीधर की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। विश्वविद्यालय का यह पहला दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए उपलब्धि का उत्सव बनने के साथ-साथ गढ़वा के शैक्षणिक क्षेत्र में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!