टॉप न्यूज़

जल प्रदूषण रोकने का मॉडल बनाने वाली रीना के घर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, दी बधाई

नदी-नालों और जलाशयों से प्लास्टिक व कचरा अलग करने की तकनीक विकसित की, राष्ट्रीय स्तर पर इंस्पायर अवार्ड के लिए हुआ चयन

विकास कुमार 

मेराल। प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। इसे साबित किया है मेराल प्रखंड के बाजुड़ीह (चेचरिया) गांव निवासी रीना कुमारी ने। जल प्रदूषण रोकने के लिए मॉडल तैयार करने और राष्ट्रीय स्तर पर इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित होने पर मेराल प्रखंड विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन रीना के घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। रीना कुमारी, पिता सुरेश राम, 12वीं उत्तीर्ण हैं और वर्तमान में आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने नदी-नालों एवं जलाशयों में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पानी से प्लास्टिक और अन्य कचरे को अलग करने के लिए नई तकनीक पर आधारित मॉडल तैयार किया है। उनकी इस उपलब्धि से गढ़वा जिले का मान बढ़ा है। डॉ. लालमोहन ने कहा कि जल प्रदूषण वैश्विक समस्या है। ग्रामीण क्षेत्र की छात्रा द्वारा इसके समाधान की दिशा में किया गया प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित संसाधन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराए, तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। उन्होंने रीना को आगे भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, मनोज जायसवाल, अशोक कुमार केसरी, कंचन पांडेय, कुंदन प्रसाद चंद्रवंशी, प्रमोद चौधरी, सरबजीत चौधरी, मदन यादव एवं बालदेव सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे। सभी ने रीना के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!