मुखिया बेबी गोस्वामी ने पेश की मानवता की मिसाल, ब्रह्मभोज के लिए पीड़ित परिवार को दी सामग्री
मुखिया बेबी गोस्वामी ने पेश की मानवता की मिसाल, ब्रह्मभोज के लिए पीड़ित परिवार को दी सामग्री
लातदाग के पिंटू साव के निधन पर मदद को आगे आए जनप्रतिनिधि, पत्नी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भी दिया भरोसा
विकास कुमार
मेराल। प्रखंड अंतर्गत गोंदा पंचायत के लातदाग गांव निवासी पिंटू साव के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस कठिन परिस्थिति में गोंदा पंचायत की मुखिया बेबी गोस्वामी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने ब्रह्मभोज कार्यक्रम के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर शोकाकुल परिवार को सहयोग दिया। बताया जाता है कि पिंटू साव की तबीयत खराब होने के कारण उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। ऐसे मुश्किल समय में मुखिया की ओर से की गई मदद से परिवार को कुछ राहत मिली है। इस पहल को सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि पंचायत के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनका दायित्व है। किसी भी परिवार पर मुसीबत आने पर वे हरसंभव मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि मृतक की पत्नी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें आगे जीवनयापन करने में सहूलियत मिल सके। मुखिया प्रतिनिधि की इस पहल से ग्रामीणों के बीच सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश गया है। दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होकर सहयोग देना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का उदाहरण है। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र गोस्वामी, रघुनाथ एक्का, उमेश उरांव, अवधेश चंद्रवंशी, ज्ञानी यादव, मुनीप पासवान, परशुराम, वार्ड सदस्य अलका देवी, लालजी साव, बबन महतो, सुनेश्वर सिंह, दिनेश गुप्ता, हरिनाथ साव, पिंटू चौधरी, मनंतर साव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।




