टॉप न्यूज़

बूथों पर पहुंचीं उपायुक्त मेघा भारद्वाज, मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य का लिया जायजा

नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और प्रपत्रों के ऑनलाइन रिकॉर्ड की हुई समीक्षा, बीएलओ को पारदर्शिता व शुद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश

राहुल मंडल की रिपोर्ट 

पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने को लेकर प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की हकीकत जानी। उन्होंने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा प्रपत्रों के ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार करने की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केकेडीएम उच्च विद्यालय, इकरहटी स्थित बूथ संख्या 372 एवं 373 तथा किस्मत कदमसार पंचायत भवन स्थित बूथ संख्या 412 एवं 414 का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य की वर्तमान स्थिति, नए मतदाताओं के पंजीकरण और प्राप्त प्रपत्रों के ऑनलाइन रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी ली।

फॉर्म-6, 7 और 8 के कार्यों की समीक्षा

उपायुक्त ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के निष्पादन की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रपत्रों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सावधानीपूर्वक किया जाए। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पारदर्शिता और शुद्धता पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि डिजिटाइजेशन कार्य को गंभीरता से लेते हुए मतदाताओं से जुड़े रिकॉर्ड को सही तरीके से ऑनलाइन दर्ज करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाया जा सके। उपायुक्त के इस निरीक्षण को जिले में SIR 2026 के कार्यों की प्रगति की निगरानी और मतदाता सूची को अद्यतन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और आवश्यक संशोधनों का कार्य नियमानुसार पूरा किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!