टॉप न्यूज़

महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता का दिखा संगम, धारित्री महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की वार्षिक आम सभा संपन्न

जेएसएलपीएस की पहल से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा स्वावलंबन का मंच, सैकड़ों दीदियों ने लिया हिस्सा

विकास कुमार 

मेराल। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तत्वावधान में मंगलवार को मेराल पश्चिमी पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में ‘धारित्री मेराल महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ की वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामूहिक प्रयास और ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी और जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक ग्रीजेश शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजकों एवं जेएसएलपीएस की दीदियों ने अतिथियों का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।

आत्मनिर्भर बनने के लिए महिलाओं से आगे आने की अपील

मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने जेएसएलपीएस तथा महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक महिलाएं जेएसएलपीएस के मंच से जुड़ें तथा सरकारी योजनाओं और कृषि आधारित व्यवसायों का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करें। उन्होंने सामूहिक प्रयासों के जरिए महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

स्वागत गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस समूह की महिलाओं ने स्वागत गीत पर आकर्षक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति दी। महिला सदस्यों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया और पूरा माहौल उत्साह एवं उमंग से भर गया।वार्षिक आम सभा में जेएसएलपीएस से जुड़ी सैकड़ों महिला सदस्य यानी दीदियां, सहित कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं संगठित होकर कृषि, व्यवसाय और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिज्ञान कुमार, अंकित कुमार, प्रभात रंजन, सुजीत कुमार, जिलानी अंसारी, समीना खातून, अंजलि तिवारी, अभिषेक ओझा, राजदेव बारा, रत्नेश ठाकुर, दिनेश चौधरी, ओमप्रकाश कुमार, शहनाज बानो, शबाना खातून, आरती कुमारी  दुर्गावती कुमारी, ललिता देवी,सीमा कुमारी समेत पूरी जेएसएलपीएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्यक्रम का संचालन सुनील पांडेय किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!