रॉयल आटा चक्की मील का डीसी पशुपतिनाथ मिश्र ने किया उद्घाटन

लघु एवं कुटीर उद्योगों से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ किसानों को मिलेगा गेहूं का बेहतर मूल्य
विकास कुमार
मेराल (गढ़वा)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में मेराल प्रखंड के लातदाग गांव में एक नई पहल की गई है। गुरुवार को गांव में स्थापित आधुनिक तकनीक से सुसज्जित रॉयल आटा चक्की मील का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने किया। इस नई औद्योगिक इकाई से क्षेत्र के किसानों को अपने गेहूं की बिक्री के लिए स्थानीय बाजार उपलब्ध होने तथा ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त ने दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद मिल में स्थापित मशीन का बटन दबाकर उत्पादन कार्य का शुभारंभ किया।

लघु उद्योग ग्रामीण विकास की मजबूत कड़ी : उपायुक्त
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि जिले में लघु एवं कुटीर उद्योगों की स्थापना स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे उद्योगों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि आटा चक्की मील के संचालन से आसपास के किसानों को अपना गेहूं स्थानीय स्तर पर बेचने का अवसर मिल सकता है। इससे किसानों को बाजार तक पहुंचने में सहूलियत होगी और उनके कृषि उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी। उपायुक्त ने मिल संचालक को उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उत्पादन प्रक्रिया में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर उत्पाद उपलब्ध हो सके।

बताया गया कि गढ़वा के प्रसिद्ध व्यवसायी सतीश गुप्ता के परिवार की ओर से लातदाग गांव स्थित अपनी पैतृक जमीन पर आधुनिक तकनीक से लैस गेहूं आटा चक्की मील का प्लांट स्थापित किया गया है। इस पहल को क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवरात्रि की दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। समारोह का संचालन अरुण पांडे ने किया। मौके पर सतीश गुप्ता, पिंटू गुप्ता, मंटू गुप्ता, उमेश कश्यप, विनोद पाठक, प्रो. अजय प्रसाद, प्रोफेसर उमेश सहाय, ज्वाला तिवारी, विनय गुप्ता, संजय भगत, बलराम शर्मा, मदन यादव, ललनी यादव, शिवशंकर प्रसाद, हरेकृष्ण मेहता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।




