

विकास कुमार
मेराल। झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि प्रभाग, गढ़वा) के तत्वावधान में NMEO-OS (Oil Seeds) योजना के अंतर्गत सोमवार को मुड़ल टोला स्थित शिव मंदिर प्रांगण में किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराकर उत्पादन और आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित करना था। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, बेहतर उत्पादन, फसल प्रबंधन, कृषि कार्यों में वैज्ञानिक पद्धति के उपयोग सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल करने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय भी बताए। कार्यक्रम की खास बात रही कि मौके पर चलती-फिरती कृषि प्रशिक्षण एवं सेवा गाड़ी भी पहुंची। इसमें लगे प्रोजेक्टर के माध्यम से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल एवं रोचक तरीके से दी गईं। किसानों ने भी प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आधुनिक कृषि पद्धतियों को समझा।

मौके पर बीटीएम प्रवीण कुमार मिश्रा ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि कृषि से संबंधित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रांची में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक किसान इस प्रशिक्षण में भाग लेकर उन्नत कृषि तकनीकों एवं आधुनिक खेती की पद्धतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि कृषि विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर फसल उत्पादन के साथ अपनी आमदनी में भी वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सही कृषि प्रबंधन अपनाकर किसान खेती को और अधिक लाभकारी बना सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों में आधुनिक कृषि तकनीकों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कृषि विभाग के इस प्रयास की सराहना की।




